मैनपुरी। ईशन नदी पुल पर बुधवार को चेकिंग के दौरान ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर ने नियमों के उल्लंघन पर एक तथाकथित भाजपा नेता की बाइक को रोक लिया। नेता अभद्रता पर उतारू हो गया। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और कार्रवाई शुरू कर दी। इतने में नेता के तेवर ढ़ीले पड़ गए और दरोगा के पैर छूकर माफी मांगी। इसके बाद मामले का निपटारा हुआ।
ईशन नदी पुल पर बुधवार को वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक तथाकथित नेता बाइक लेकर उधर से गुजरा। यातायात नियमों की अनदेखी पर नेता को जब ट्रैफिककर्मी आबिद हुसैन ने रोका तो वह अभद्रता पर उतारू हो गया। ट्रैफिककर्मी ने बाइक की चाबी निकाल ली और चालान की कार्रवाई शुरू कर दी। इस बीच नेता की ओर से अपनी पहुंच का हवाला देते हुए अभद्रता जारी रखी। पुलिस ने सख्ती करते हुए बिछवां निवासी नेता के खिलाफ कार्रवाई शुरू की तो हेकड़ी निकल गई। तुरंत ट्रैफिककर्मी को बड़ा भाई बताते हुए पैर छू लिये। बाद में दोनों के बीच मामले का निपटारा हो गया।