मैनपुरी। जिले में लगातार बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। सोमवार को बुखार से पीड़ित एक मरीज की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित 11 मरीज भर्ती कराए गए। अस्पताल में अवकाश के चलते आधे दिन की ओपीडी में 369 लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
पिछले कुछ दिनों से अचानक जिले में बुखार के मरीज बढ़े हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को आधे दिन की ओपीडी के बाद भी मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की ओपीडी में 369 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बुखार से पीड़ित 11 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। दो मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव तिसौली निवासी 76 वर्षीय दयाराम शाक्य को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के साथ बुखार था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। सोमवार को उनकी हालत बिगड़ी तो परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग का कहना था कि वृद्ध को मृत अवस्था में लाया गया था।