लोहामंडी में घरो में आ रहा गन्दा काला बदबूदार पानी
आगरा। एक तरफ लोग पानी के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर नलों से ‘जहर’ टपक रहा है। नाले के अंदर से गुजरीं पानी की पाइपलाइनें लीक होने के कारण लोगों के घरों में गंदा, काला, बदबूदार पानी पहुंच रहा है, जिसमें झाग उठ रहे हैं। खतैना रोड, लोहामंडी, किशोरपुरा, जगदीशपुरा में गंदा पानी पहुंचने की शिकायत है लेकिन जलकल विभाग ने अब तक यहां जांच भी नहीं कराई।
खतैना रोड के पुष्प एन्क्लेव, लोहामंडी, किशोरपुरा, जगदीशपुरा, वैद्य वाली गली, रामनगर आदि क्षेत्रों में गंदा पानी पहुंच रहा है। पुष्प एन्क्लेव निवासी राजीव सिंह ने बताया कि एक माह से उनकी कॉलोनी में गंदा पानी आ रहा है। किसी नाले के अंदर से गुजरी पाइपलाइन में लीकेज है। जब भी आपूर्ति होती है, आधा घंटे तक गंदा, काला, बदबूदार पानी आता है। उसके बाद कुछ साफ होता है लेकिन बदबू आती रहती है। जलकल विभाग में शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई निदान नहीं निकाला गया।
रामनगर निवासी रामवीर सिंह कर्दम ने बताया कि पानी में बदबू से घर में खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। पानी का रंग पूरी तरह काला है। हम पैसे खर्च कर पीने का पानी बाहर से मंगवा रहे हैं। बाल्टी में पानी भरने पर झाग उठते हैं।
तब चली गई थी 21 लोगों की जान
खटीकपाड़ा में दूषित पानी की आपूर्ति से आगरा में 21 मई, 1993 को 21 लोगों की जान जा चुकी है। इस मामले को हाईकोर्ट ले जा चुके तजेंद्र कुमार राजौरा के मुताबिक आगरा 33 साल पहले की त्रासदी से सबक नहीं सीख पाया है। यहां हर जगह नाले-नालियों से होकर पानी की पाइपलाइनें गुजर रही हैं, जिनसे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नाले के अंदर से होकर गुजरी सभी पाइपलाइनों को अभियान चलाकर बदला जाए।