पुरानी गल्ला मंडी में दरवाजा तोड़कर लगा दी दीवार
भू-स्वामी से गाली गलौज, पुलिस के आने पर भी नहीं माने
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पुरानी गल्ला मंडी में आरोपियों ने 7 अगस्त को एक भूखंड पर कब्जा करने के लिए वहां लगे दरवाजे को तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी नहीं माने और दीवार लगा दी। पीड़ित पक्ष को धमका कर भगा दिया गया। शुक्रवार को पीड़ित ने एएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा बेवर के छिबरामऊ रोड निवासी राजू गुप्ता ने एएसपी राहुल मिठास को बताया कि उनकी पत्नी सीमा गुप्ता के नाम मैनपुरी की सराय पुरानी गल्ला मंडी में एक भूखंड है। इसके सभी वैध कागजात उनके पास मौजूद हैं। 7 अगस्त को वह अपनी दवा लेने के लिए कानपुर गए हुए थे, तभी मोहल्ले के ही रहने वाले आरोपी अपने साथियों के साथ आए और जगह पर कब्जा करने लगे। आरोपियों ने भूखंड पर लगा दरवाजा तोड़ कर दीवार बनाना शुरू कर दिया। जानकारी होने के बाद भूखंड स्वामी के परिजन मौके पर आ गए। पुलिस को भी फोन कर बुलाया गया। लेकिन आरोपियों ने किसी की नहीं मानी और पुलिस के सामने ही दीवार तोड़ दी। भू-स्वामी को धमका कर वहां से भगा दिया और पुलिस तमाशबीन बनी खड़ी रही। एएसपी ने कोतवाली पुलिस मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।