आगरा। नगर निगम सदन के बजट अधिवेशन में पांच बार के पार्षद शिरोमणि सिंह को मेयर नवीन जैन ने सम्मानित कर नई परंपरा शुरू की। कांग्रेस से पांच बार के पार्षद शिरोमणि सिंह 1989 में पहली बार पार्षद चुने गए। वह साल 1994 को छोड़कर लगातार 2000, 2006, 2011 और 2017 में पार्षद बने और 25 साल से वह पार्षद हैं। उनकी सेवाओं के लिए मेयर ने शॉल पहनाकर सदन में सम्मानित किया और उनके अनुभवोें से युवा पार्षदों को सीखने की अपील की।
मेयर नवीन जैन ने तीन श्रेणियों में पार्षदों को सम्मानित किया। सबसे ज्यादा कार्यकाल में शिरोमणि सिंह के अलावा सदन में सबसे ज्यादा उपस्थित रहने वालों में राकेश जैन, बच्चू सिंह, राजेश्वरी चौधरी, सीमा देवी चक, मनोज सोनी, धर्मवीर सिंह, महेश संवेदी और सबसे ज्यादा उम्र वाले पार्षद ओम प्रकाश धाकड़ और रवि बिहारी माथुर को सम्मानित किया गया। पहली बार ऐसा सम्मान पाकर पार्षद अभिभूत नजर आए और नई परंपरा शुरू करने के लिए महापौर नवीन जैन का आभार जताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने मेयर काउंसिल की बैठक में पार्र्षदों को 15 हजार रुपये भत्ता दिए जाने की मांग रखने पर पार्षदों ने मेयर नवीन जैन को सम्मानित किया। सभी दलों के पार्षदों ने महापौर को मुकुट व 51 किलो की फूलों की बड़ी माला पहनाकर अभिनंदन किया। मेयर ने कहा कि पार्षदों को हर माह 15 हजार रुपये का भत्ता मिलेगा तो वह जनता की समस्याओं को ज्यादा अच्छी तरह से दूर करा पाएंगे।