बुखार में लगाये इंजेक्शन ने ली पांचवीं की छात्रा की जान, परिवार में मचा कोहराम
- फोटो : Agra Dehat
बाह। जैतपुर क्षेत्र के मुकुटपुरा गांव में कक्षा पांच में पढ़ने वाली छात्रा रागिनी (11) का बुखार आने पर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद रागिनी की हालत बिगड़ गई और फिर उसकी मौत हो गई। बालिका की मौत से घर में कोहराम मच गया।
मुकुटपुरा निवासी रागिनी पुत्री दामोदर को तीन दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार को रागिनी को इलाज के लिए जैतपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां इंजेक्शन लगाए जाने के बाद रागिनी की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी जान चली गई। परिजन गलत इंजेक्शन को रागिनी की मौत की वजह बता रहे हैं। दामोदर और बबली के दो बेटियों और एक बेटे में रागिनी सबसे बड़ी थी।
छात्रा की मौत से परिवार में चीख पुकार मच गई। इस संबंध में पूछे जाने पर जैतपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।