पिनाहट। कस्बा स्थित स्टेट बैंक की शाखा में कैश जमा करने आए पेट्रोल पंप स्वामी का बैग करीब 10 साल का बालक चोरी कर ले जा रहा था। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने टोका, तो वह बैग फेंककर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ा। थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पेट्रोल पंप मालिक वरुण गुप्ता मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बैंक में रुपये जमा करने गए थे। भीड़ के कारण उन्होंने 9.80 लाख रुपयों से भरा बैग कैशियर को दिया और चले गए। कैशियर ने रकम जमा करने के बाद बैग काउंटर पर रख दिया था। तभी करीब 10 वर्षीय बालक बैग लेकर बैंक से बाहर निकला। बच्चे को बैग ले जाते देख पुलिसकर्मियों को शक हुआ। उन्होंने टोका, तो बालक बैग फेंककर कस्बे की तरफ भागा।
पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ा। थानाध्यक्ष पिनाहट प्रदीप कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि पेट्रोल पंप मालिक के बैग की रकम जमा हो चुकी थी। खाली बैग टेबल पर रखा था। जिसे बच्चा उठा ले गया था। मामले की जांच की जा रही है।