पटियाली। पटियाली में एक लेखपाल के खिलाफ फर्जी मुकदमा लिखे जाने का आरोप है। उसके खिलाफ चार्जशीट भी पुलिस क्षेत्राधिकारी के द्वारा न्यायालय में प्रेषित की गई है। जिससे लेखपालों में आक्रोश है। इसी को लेकर लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार किया। लेखपालों ने डीएम को ज्ञापन देकर मामले की पुन: जांच कराए जाने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष विनोद खरवार का कहना है कि तहसील क्षेत्र के लेखपाल रुपकिशोर के खिलाफ एसीएसटी एक्ट में फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस झूठे मुकदमे में पुलिस क्षेत्राधिकारी के द्वारा गलत तथ्यों के आधार पर चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की पुन: जांच कराई जाए।
जब तक पुन: जांच नहीं की जाती है तब तक धरना-प्रदर्शन और समाधान दिवस का बहिष्कार जारी रहेगा। आगामी निर्णय जिलास्तरीय कार्यकारिणी के दिशा निर्देश पर लेकर जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन व बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान आदित्य गौतम, अंकित शर्मा, आयुष मिश्रा, रंजीत सिंह, बृहजबिहारी लाल खरवार सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।