ताजनगरी में बुधवार को अलौकिक नजारा देखने को मिलेगा। अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास पर शहर जगमगाने जा रहा है। इसके लिए लोगों का उत्साह चरम पर है। उनके द्वारा पूरी तैयारी कर ली है। इसमें दीप प्रज्वल्लन से लेकर, सुंदरकांड का पाठ, हवन आदि किया जाएगा। विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ता भी अपने कार्यालयों व मंदिरों में अनुष्ठान और दीप जलाएंगे।
घरों में पांच-पांच दीपक जलाने को प्रेरित किया जा रहा है। बजरंग दल के सह प्रांत संयोजक दिग्विजयनाथ तिवारी ने बताया कि पांच अगस्त को घरों में पांच घी के दीपक जलाने के लिए लोगों से जनसंपर्क किया जा रहा है। मंदिरों और अन्य संस्थानों पर भी इस दिन धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि ताजनगरी में 10 लाख दीप झिलमिलाएं।
घर को किया जाएगा रोशन
दीपोत्सव को लेकर मन उत्साहित है। पूरे घर को दीपों से रोशन किया जाएगा। इसके लिए बड़ी संख्या में दीये खरीद लिए गए हैं। -
प्रियंका अग्रवाल, चर्च रोड।
सुंदरकांड का पाठ होगा: राम मंदिर के शिलान्यास पर मन हर्षित है। इसके लिए मिट्टी के दीये पहले ही मंगवा लिए हैं। सुंदरकांड का पाठ भी किया जाएगा। ऋचा गर्ग, कमला नगर।
हवन, पूजन और बनेगा मिष्ठान
पांच अगस्त को पूजन, हवन व मिष्ठान तैयार कराया जाएगा। साथ ही भगवान को नई पोशाक धारण कराई जाएगी। साथ ही परिजन इस पल को सेलिब्रेट करेंगे। - राजीव चावला, केदार नगर।
औरों के लिए भी मंगवाए दीये: हमनें अपने घर के लिए ही नहीं बल्कि औरों को देने के लिए भी दीए मंगवाए हैं। अब तक कई लोगों को वितरित कर दिए हैं। साथ ही लोगों को दिन मनाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। अश्विनी चोपड़ा, लाजपत कुंज।
स्वदेशी जागरण मंच ने तैयार की रेडीमेड किट
मंच के कोष प्रमुख पश्चिमी उप्र ऋषि बंसल ने बताया कि हमारे द्वारा लागत से भी कम मूल्यों पर किट तैयार की है। इसमें 21 छोटे-बड़े दीये, बाती, माचिस, तीली, तेल और घी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसकी कीमत 121 रुपये है।
दो लाख दीयों का मिला ऑर्डर
लॉकडाउन से काम बंद पड़ा था। दीपोत्सव को लेकर अब ऑर्डर मिलने शुरू हुए हैं। शहर में औसतन दो लाख दीयों की मांग है। - ताराचंद, कुम्हार।
लंबे दिनों के बाद चली चाक
लंबे दिनों बाद चाक चलनी शुरू हुई है। कुछ पहले का भी स्टॉक तैयार रखा हुआ था। इधर, नए दीये भी बनाए गए हैं। अब दीपावली तक काम चलने की उम्मीद है। डोरीलाल, कुम्हार।