बिछवां। कस्बा स्थित ननिहाल में रह रहा किशोर सोमवार की शाम खाना खाने के बाद टहलने गया, तभी उसका पैर फिसल और वह तालाब में गिर गया। मंगलवार की सुबह उसका शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव निगोह जोत निवासी धर्मेंद्र सिंह का 17 वर्षीय पुत्र जवाहर लाल काफी समय से ननिहाल बिछवां में रह रहा था। सोमवार की देर शाम वह खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था। तालाब किनारे टहलने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरा। गहरे तालाब में डूब कर उसकी मौत हो गई। जवाहर जब काफी देर तक घर नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मंगलवार की सुबह उसका शव तालाब में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। लेखपाल के समझाने पर परिजन राजी हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।