मैनपुरी। प्राथमिक शिक्षक संघ बरनाहल ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने मंगलवार को खंड शिक्षाधिकारी से मुलाकात की। ज्ञापन देकर विद्यालय तक पाठ्य पुस्तकें पहुंचाने की मांग की। ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी कीमत पर शिक्षक बीआरसी या एनपीआरसी से किताब उठाने के लिए नहीं जाएंगे।
खंड शिक्षाधिकारी शैलेंद्र कुमार उत्तम को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि शासनादेश के तहत परिषदीय स्कूलों में नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें पहुंचाने का कार्य एक संस्था को सौंपा गया है। शिक्षक को विद्यालय छोड़कर किताबें ढोने के लिए कोई आदेश नहीं हैं, फिर भी प्रधानाध्यापकों पर किताबें ढोने का दबाव बनाया जा रहा है। प्राथमिक शिक्षक संघ की मांग है किताबों को स्कूल तक विभाग पहुंचवाना सुनिश्चित करे। शिक्षक पर किसी प्रकार का दबाव न बनाया जाए। यदि प्रधानाध्यापक या शिक्षक पर दबाव बनाया गया तो उचित नहीं होगा। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया कि शिक्षक किसी कीमत पर किताबें लेने बीआरसी और एनपीआरसी नहीं जाएगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश यादव, जिला कोषाध्यक्ष हरिओम दुबे, जिला प्रचार मंत्री सतीश समर्थ, जिला संगठन मंत्री उर्वेश यादव, अवधेश कुमार यादव, जर्मन् सिंह, जितेंद्र सिंह, देवेश अवस्थी, गुलशन, दिनेश चंद्र, सुखेंद्र सिंह, विष्णुदेव, हजारीलाल, विपिन कुमार, यतेंद्र, विवेक यादव, धनंजय सिंह, ब्रजेश शाक्य, सत्यराम, सुनील कुमार, प्रेम सिंह, प्रेम नारायण आदि लोग मौजूद रहे।