मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले मंगलवार को जिले के सभी विकास खंडों में शिक्षकों ने बैठक कर प्रदर्शन किया। बैठक के बाद शिक्षकों ने मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को 21 सूत्री ज्ञापन रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा।
जिलाध्यक्ष प्रणवीर सिंह यादव के निर्देशन में पदाधिकारियों ने शिक्षक समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। रजिस्ट्री के द्वारा भेजे ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाली, कैशलेस चिकित्सा, विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था, प्रत्येक विद्यालय में शिक्षक, प्रधानाध्यापिक, लिपिक और कर्मचारी की तैनाती की मांग की गई। इसके अतिरिक्त शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, विद्यालयों का संविलियन निरस्त किए जाने, ऑनलाइन काम के नाम पर शिक्षकों क शोषण बंद किए जाने और कोरोना काल में मरने वाले शिक्षकों के साथ ही शिक्षामित्र और अनुदेशकों के परिजनों को भी मृतक आश्रित का लाभ दिलाए जाने की मांग की गई।
करहल विकास खंड में ब्लॉक अध्यक्ष श्रीचंद्र यादव और मंत्री राजेश कुमार सिंह, मैनपुरी में धर्मेंद्र सिंह चौहान और अनिल यादव, जागीर में राजेश यादव और मनोज कश्यप, घिरोर में मुकेश यादव और संजीव मिश्रा, सुल्तानगंज में प्रेमप्रकाश शाक्य और प्रशांत कुमार तिवारी, किशनी में अतुल यादव और माधवेंद्र सिंह चौहान, कुरावली में श्यामकिशोर पाठक और वीर सिंह यादव मौजूद रहे।