उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के शिक्षकों ने नगर के तिकोनिया पार्क में धरना देते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान नौ सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से भेजा गया।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के बैनर तले नगर के कलक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क में शिक्षकों का धरना प्रदर्शन हुआ। धरना प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि सहायता प्राप्त जूनियर स्कूलों के बच्चों को परिषदीय स्कूलों के बच्चों की तरह से एमडीएम योजना का लाभ दिया जाए। स्थाई मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों को अनुदानित किया जाए।
वर्ष 2006 में अनुदानित हुए स्कूलोशं के शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए। क्यों कि उनकी नियुक्ति प्रक्रिया 2005 में पूरी कर ली गई थी। छठे वेतन आयोग का लाभ पाने वाले शिक्षकों को एक वेतन वृद्धि का भी लाभ दिया जाए। सहायता प्राप्त स्कूलों में कार्यरत चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों को लिपिक के समान सुविधाएं दी जाएं। लिपिकों को ग्रेड वेतन 1900 के स्थान पर 2000 किया जाए।