बीएसए के आदेश के बाद भी शिक्षक की नहीं की बर्खास्तगी
शिकायतकर्ता ने बीएसए से मुलाकात कर प्रबंधक पर मिलीभगत का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बीएसए दीपिका गुप्ता ने 23 नवंबर को हंस सर्वोदय जूनियर हाईस्कूल जीवनपुर में तैनात सहायक अध्यापक की सेवा समाप्ति के लिए प्रबंधक को आदेश दिया था। प्रबंधक ने डेढ़ महीने बीतने के बाद भी शिक्षक की बर्खास्तगी नहीं की है। शिकायतकर्ता ने बीएसए से मुलाकात कर प्रबंधक और शिक्षक की मिलीभगत की बात कही है।
तहसील भोगांव के गांव रुई भदौरा निवासी नेमकुमार की शिकायत पर बीएसए ने हंस सर्वोदय जूनियर हाईस्कूल जीवनपुर पर तैनात सहायक अध्यापक मिश्रीलाल के अभिलेखों की जांच कराई थी। जांच के दौरान मिश्रीलाल के नियुक्ति के समय के अभिलेख और वर्तमान में उपलब्ध कराए गए अभिलेखों में अंतर पाया था। इस पर बीएसए ने 23 नवंबर को मिश्रीलाल की सेवा समाप्त करने के आदेश प्रबंधक और प्रधानाध्यापक को दिए थे। लेकिन डेढ़ महीना का समय बीतने के बाद भी मिश्रीलाल की सेवा समाप्त नहीं हो सकी है। नेम कुमार ने फिर से बीएसए से मुलाकात कर आरोप लगाया कि प्रबंधक और शिक्षक आपस में मिल गए हैं इसलिए शिक्षक की सेवा समाप्त नहीं हो रही है।
शिक्षक के विरुद्ध रिपोर्ट भी हो चुकी है दर्ज
बीएसए के आदेश पर शिक्षक के विरुद्ध थाना भोगांव में पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है। लेकिन इस कार्रवाई के बाद भी प्रबंधक और प्रधानाध्यापक शिक्षक की सेवाएं समाप्त नहीं कर रहे हैं। मामले की शिकायत नेम कुमार ने उच्चाधिकारियों से भी की है।
शिक्षक की सेवा समाप्ति के संबंध में 23 नवंबर को आदेश जारी किया गया था। प्रबंधक और प्रधानाध्यापक ने अभी तक सेवा समाप्ति के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई है।
दीपिका गुप्ता, बीएसए