आगरा। जिला प्रशासन की ओर से वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन रविवार को किया जाएगा। जिले में विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से करीब 54 लाख से ज्यादा पौधे रोपे जाने का दावा है। वन विभाग की ओर से लगभग 19 लाख और अन्य विभागों को 35 लाख पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को डी-ब्लॉक शास्त्रीपुरम स्थित प्रस्तावित पौधारोपण के मुख्य स्थल का निरीक्षण किया।
डीएम ने पौधारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस स्थल को विभिन्न थीम आधारित खंडों में विकसित किया जाए, जिसमें औषधीय, हर्बल, पोषण वाटिका और फलदार पौधों का रोपण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित हो। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर व्यापक जनसहभागिता के साथ इस अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और शासन से नामित नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के दौरान सीडीओ प्रतिभा सिंह, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, डीएफओ राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।