Agra News: सावन माह में महादेव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। मौके देखकर चोर-उचक्के मोबाइल और कीमती सामान पार कर रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
ताजनगरी आगरा के महादेव मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। इसका फायदा चोर और जेबकतरे उठा रहे हैं। चोरों ने दो दिन में श्रद्धालुओं के पांच मोबाइल पार कर दिए। सूचना पर पुलिस चोरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है।
विज्ञापन
ताजगंज थाना क्षेत्र के गोबर चौकी निवासी सत्यभान ने बताया कि 16 जुलाई की शाम वह रजरई निवासी जितेंद्र, सदर के जंगजीत नगर निवासी जितेंद्र और राजीव नगर निवासी किशन के साथ राजेश्वर मंदिर गए थे। मंदिर परिसर में चोरों ने चारों दोस्तों के मोबाइल चुरा लिए।
इसी तरह 17 जुलाई को हीराबाग दयालबाग निवासी प्रतिभा गौतम बल्केश्वर महादेव मंदिर गई थीं। उन्होंने अपना मोबाइल बैग में रखा था। कतार में मोबाइल चोरी हो गया। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।