मैनपुरी। कोरोना महामारी के बीच खेलकूद बंद रहने से छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षक- शिक्षिकाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा है। इसे देखते हुए सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने खेल मंत्रालय के निर्देश पर शिक्षकों और छात्रों को फिट इंडिया मोबाइल एप डाउनलोड करने की सलाह दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को आदेशों के पालन के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि प्रधानाचार्य और शिक्षक- शिक्षिकाएं फिट इंडिया मोबाइल एप को डाउनलोड करें। प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी है कि वे छात्र-छात्राओं को भी एप डाउनलोड कराना सुनिश्चित करें। पत्र में कहा है कि एप से नि:शुल्क शरीर को फिट रखने की जानकारी हासिल की जा सकती है। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि वे एप डाउनलोड करने की जानकारी उनके कार्यालय में भी उपलब्ध कराएं।