आगरा। तापमान कम होने के साथ वायु प्रदूषण लोगों को परेशान कर रहा है। सुबह लोगों को आंखों में जलन और सांस फूलने की दिक्कत हो रही है। शनिवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) ने आगरा का एक्यूआई 152 रिकाॅर्ड किया। ताजगंज की हवा सबसे प्रदूषित रही। चिकित्सक लोगों को चेहरे पर मास्क लगाकर निकलने की सलाह दे रहे हैं।
यूपीपीसीबी के अनुसार शनिवार को शाहजहां गार्डन में वायु गुणवत्ता 166, आवास विकास काॅलोनी में 160, रोहता में 154, शास्त्रीपुरम में 149, संजय प्लेस में 145 और मनोहरपुर में एक्यूआई 130 रिकाॅर्ड किया गया। एमजी रोड और दिल्ली हाईवे पर वाहनों के धुएं के कारण दोपहिया चालकों और रिक्शा पर आवागमन कर रहे लोगों को धुएं और धूल से परेशानी महसूस हुई।
जिला अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अतुल जैन ने बताया कि सर्दी और प्रदूषित वायु के कारण सांस की परेशानी हो सकती है। लोगों को भीड़ वाले स्थानों पर मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। अस्थमा के मरीजों को सुबह और शाम के समय अधिक प्रदूषण वाले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए।