आगरा के थाना न्यू आगरा पुलिस ने एटीएम में गड़बड़ी करके रुपए निकालने आने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 75 एटीएम कार्ड के साथ दो मोबाइल और एक कार भी बरामद की गई है।
एटीएम से रुपये निकालते समय सावधान रहें। अनजान लोगों की मदद लेना भारी पड़ सकता है। न्यू आगरा पुलिस ने लोगों के डेबिट कार्ड बदलकर खाते खाली कर देने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों से 75 डेबिट कार्ड और कार बरामद की गई है।
विज्ञापन
एसीपी हरीपर्वत आदित्य सिंह ने बताया कि 11 अगस्त को दयालबाग स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में वारदात हुई थी। एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड एटीएम में फंस गया। रकम नहीं निकली। तभी एक युवक आया। मदद का झांसा देकर कार्ड बदल दिया। एटीएम पिन भी पता कर लिया। बाद में खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत की जांच में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए।
गिरफ्तार सदस्यों में दिल्ली के सुल्तानपुरी का संजय कुमार और हरियाणा के हिसार स्थित गांव मोठ रंगरण का सोनू है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह कार से आते हैं। सुनसान रास्ते और बिना गार्ड वाले एटीएम के पास खड़े होते हैं। वृद्ध और महिलाओं को मदद का झांसा देकर उनके डेबिट कार्ड बदलकर बाद में रकम निकाल लेते हैं। आरोपियों से 2700 रुपये, 75 एटीएम कार्ड, 2 मोबाइल और 1 कार बरामद हुई।