संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा सिविल सर्विसेज 2016 में सफल होने वाले हरिकेश ने अपने पिता को उनकी वर्दी पर स्टार जैसी खुशी दी है। हरिकेश के पिता मथुरा में एसएसपी के ड्राइवर के पद पर तैनात हैं। यूपीएससी के रिजल्ट के बाद पूरा पुलिस महकमा उनको बधाई दे रहा है।
बता दें कि मूल रूप से भरतपुर राजस्थान के रहने वाले और यूपी पुलिस में कार्यरत मान सिंह के बेटे हरिकेश सिंह ने सिविल सर्विसेज 2016 की परीक्षा में 336वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह कि हरिकेश ने यह मुकाम अपने पहले ही प्रयास में पाया। अमर उजाला से फोन पर बातचीत में उनके पिता मान सिंह ने बताया कि हरिकेश की प्रारंभिक शिक्षा आगरा में पुलिस लाइन के पास स्थित स्कूल में हुई थी। उस समय मान सिंह आगरा में ही तैनात थे। इसके बाद हरिकेश ने एयरफोर्स स्टेशन स्थित स्कूल से 12वीं की परीक्षा 90 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
12वीं के बाद उन्होंने एमएएनआईटी भोपाल से बीटेक किया और दो साल सैमसंग कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत भी रहे। इसके बाद उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी पर फोकस किया और नौकरी छोड़ दी। पहले ही प्रयास में सिविल सर्विसेज की परीक्षा में 336वीं रैंक पाने में सफल रहे।
मान सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। छोटा बेटा भी दिल्ली में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा है। वहीं उनकी बड़ी बेटी दिल्ली से पीएचडी कर रही है। पिता मान सिंह के अनुसार हरिकेश की सफलता के पीछे उनकी मां सावित्री देवी का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने ही पढ़ाई के दौरान हरिकेश को प्रेरणा दी कि वह बड़ा मुकाम हासिल करे।
हमेशा से पिता को पुलिस अधिकारियों के साथ देखने वाले हरिकेश को इस माहौल ने भी प्रेरणा दी। उनका सपना था कि वे एक अफसर बनकर अपने पिता और परिवार का मान बढाएं। अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने यह कर भी दिखाया। बुधवार को यूपीएससी का परिणाम आने के बाद से मान सिंह और उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा है।