एयर इंडिया की एआई-406 फ्लाइट तीन जून से शुरू
- फोटो : air india
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आगरा और वाराणसी के बीच आठ मार्च को बंद की गई एयर इंडिया की एआई-406 फ्लाइट तीन जून से शुरू हो जाएगी। इस विमान से वाराणसी और आगरा के बीच 70 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
पहले इसे अक्तूबर में टूरिस्ट सीजन में चलाया जाना था लेकिन पर्यटन उद्यमियों की मांग पर इसे शनिवार से शुरू किया जाना है। यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को अपने पुराने रूट नई दिल्ली-वाराणसी-आगरा-खजुराहो के बीच चलेगी। गया के लिए भी उड़ान शुरू हो रही है।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का 10 मार्च से शुरू रनवे की रिकार्पेटिंग का काम बुधवार 31 मई को पूरा हो गया। बृहस्पतिवार यानी एक जून से पूरे दिन विमानों की आवाजाही होगी। अनुमान है कि एक जून से यहां से 42 विमानों का आना-जाना शुरू हो जाएगा।
10 मार्च के पहले श्रीलंका की एयरलाइंस तथा बैंकाक से वाराणसी की फ्लाइट थाई एयरवेज ने अपनी उड़ान बंद कर दी थीं। इससे पहले एक मार्च से विस्तारा एयरलाइंस ने वाराणसी-दिल्ली और वाराणसी-मुंबई की उड़ान बंद कर दी थी।
एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि विस्तारा की उड़ान शुरू कराने के लिए एयरलाइंस से बात की जाएगी।