डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीएएमएस की परीक्षा में शुक्रवार को एक परीक्षार्थी प्रश्नपत्र के साथ कॉपी लेकर भाग गया। कक्ष निरीक्षक ने सभी परीक्षार्थियों से कॉपियां एकत्रित करने के बाद मिलान को तो उनके होश उड़ गए। एक कॉपी कम थी। इसके बाद उन्होंने परिसर में परीक्षार्थी को तलाशना शुरू किया। आधे घंटे बाद परीक्षार्थी को पकड़ा गया। पुलिस बुलाकर उसे सौंप दिया गया। उसके खिलाफ न्यू आगरा थाने में तहरीर दी गई।
विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में धन्वंतरि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, कोसी, मथुरा का छात्र रामेश्वर परीक्षा दे रहा है। शुक्रवार को सुबह 8 से 11 बजे तक उसकी बीएएमएस सेकंड प्रोफेशनल की विशेष पूरक परीक्षा थी। एसटीएफ व ईडी की जांच में फंसे परीक्षार्थियों की विशेष परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा खत्म होने के बाद कक्ष निरीक्षक बाकी परीक्षार्थियों से कॉपियां एकत्रित करने में जुट गए, इस बीच रामेश्वर अपनी कॉपी लेकर बाहर निकल गया। कक्ष निरीक्षक जब रोल नंबर के आधार पर कॉपियां रखने लगे तो एक कॉपी कम मिली। वह परेशान हो गए। स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद परिसर में परीक्षार्थी को तलाशा गया।
करीब आधे घंटे बाद परीक्षार्थी मिला। उसे पकड़कर संस्थान के निदेशक के कक्ष में ले गए। न्यू आगरा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर परीक्षार्थी से पूछताछ की। परीक्षार्थी ने बताया कि वह हरियाणा के नूह का रहने वाला है। कॉपी बाहर ले जाने की वजह पूछने पर वह सही जानकारी नहीं दी। यह कह रहा था कि भूल से वह प्रश्नपत्र के साथ कॉपी लेकर चला गया। वहीं, पिता के बारे में पहले बताया कि वह एक अस्पताल में प्रैक्टिस करते हैं, बाद में कहा कि किसान हैं। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। संस्थान के निदेशक प्रो. मनु प्रताप सिंह की ओर से परीक्षार्थी के खिलाफ तहरीर दी गई। न्यू आगरा थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह का कहना है कि जांच करने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
चार प्रश्नपत्रों की परीक्षा पहले दे चुका है
रामेश्वर चार प्रश्नपत्रों की परीक्षा पहले दे चुका है। इसमें से थर्ड प्रोफेशनल की मुख्य परीक्षा के तीन प्रश्नपत्र और सेकंड प्रोफेशनल के विशेष पूरक परीक्षा का एक प्रश्नपत्र शामिल है।
आधे घंटे क्या किया, बताया नहीं
परीक्षार्थी ने यह नहीं बताया कि उसने कॉपी बाहर ले जाकर आधे घंटे तक क्या किया। यह भी संभावना जताई गई कि कुछ प्रश्नों के उत्तर उसने बाहर जाकर लिखे हों। पूछताछ में उसने बताया कि उसका चचेरा भाई भी कंप्यूटर सेंटर में परीक्षा दे रहा है।