आगरा। यमुना किनारा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की सिटी शाखा ने पति के निधन के बाद बैंक खाते की नॉमिनी पत्नी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के क्लेम के रूप में दो लाख रुपये दिलाए। मंगलवार को बैंक की ओर से खाताधारक अजय कुशवाहा के निधन के बाद उनकी पत्नी संगीता कुशवाहा को चेक प्रदान किया गया।
आगरा सिटी शाखा में भारतीय स्टेट बैंक आगरा मॉड्यूल के उप महाप्रबंधक संजय कुमार एवं क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार की मौजूदगी में शाखा प्रबंधक विकास चंचल ने दो लाख रुपये की राशि का चेक पत्नी संगीता कुशवाहा को सौंपा। शाखा प्रबंधक विकास चंचल ने बताया कि अजय कुशवाहा कोटला शाखा के खाताधारक थे। उन्होंने पीएम जीवन ज्योति बीमा का पंजीकरण कराया था। निधन के बाद पत्नी को कोटला जाकर क्लेम लेने में दिक्कतें आ रही थीं। इस पर सिटी शाखा में ही एकाउंट खुलवाकर क्लेम दाखिल किया गया। नॉमिनी पत्नी संगीता कुशवाहा ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति सुरक्षा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना में खाताधारक नामांकन जरूर कराएं। यह सामाजिक सुरक्षा की योजना है। क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि इस योजना में केवल 436 रुपये के प्रीमियम पर दो लाख रुपये का बीमा कवर मिल रहा है। किसी भी कारण से मृत्यु होने पर नॉमिनी को यह दो लाख रुपये की राशि दी जाती है। डीजीएम संजय कुमार ने बताया कि सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को स्टेट बैंक हर ग्राहक तक पहुंचा रही है। लोग इनका फायदा उठाएं।