आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू हो रही हैं। कॉलेजों ने 23 जुलाई से प्रवेशपत्र बांटना शुरू किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेजों की लॉगइन आईडी पर प्रवेशपत्र देर से डाले।
विज्ञापन
कॉलेजों की लॉगइन आईडी पर प्रवेशपत्र 21 जुलाई को डाले गए। इस दिन बकरीद का अवकाश था, कॉलेज बंद थे। 22 जुलाई को प्रवेशपत्रों के प्रिंट निकालकर उनका वितरण शुरू किया गया। वही छात्र प्रवेशपत्र लेने के लिए पहुंचे, जिनकी परीक्षाएं शनिवार या सोमवार से शुरू हो रही हैं। पहले दिन महज 36 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। 456 परीक्षार्थी ही पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों पर को 27 जुलाई तक की परीक्षा के प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट उपलब्ध करा दी गई है।
कंट्रोल रूम से नहीं जुड़ पाए सारे परीक्षा केंद्र
विश्वविद्यालय की परीक्षा के दौरान केंद्रों की सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जानी है। विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक परीक्षा केंद्रों को इस व्यवस्था से जोड़ नहीं पाया है। शुक्रवार को दोपहर में कई कॉलेजों के प्रतिनिधि लॉगइन आईडी और पासवर्ड देने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में कोई पत्र लेने वाला नहीं था।
विज्ञापन
उड़नदस्ते और पर्यवेक्षक भी नहीं बने
शुक्रवार को शाम छह बजे तक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए उड़नदस्ते नहीं बनाए गए। न ही पर्यवेक्षकों की सूची जारी की गई। विश्वविद्यालय की ओर से नियम विरुद्ध बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षक तैनात किए जाने हैं।
रखी जाएगी परीक्षा केंद्रों पर नजर
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक राय का कहना है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को निर्देश जारी किया जा चुका है। कुलपति सचिवालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यहां से परीक्षा केंद्रों पर सीधी नजर रखी जाएगी। नियंत्रण कक्ष का प्रभारी प्रो. वीके सारस्वत को बनाया गया है। शासन की ओर से निर्धारित समय सीमा में परीक्षाएं कराकर परिणाम घोषित किए जाने के लिए विश्वविद्यालय दृढ़ संकल्पित है।