आगरा कैंट स्थित डीआरएम कार्यलय पर आयोजित कार्यक्रम में आरपीएफ की टीम को बाइक की चाबी सौंपते आईजी
- फोटो : Agra City
आगरा। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिरीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया है कि आगरा में आरपीएफ की महिला सुरक्षाकर्मियों के लिए सुविधाओं से युक्त बैरक का निर्माण करवाया जाएगा। इसकी अनुमति मिल गई है। आरपीएसएफ की एक कंपनी भी आगरा में तैनात की गई है।
आगरा रेल मंडल में निरीक्षण करने आए आईजी वर्मा ने डीआरएम कार्यालय के हॉल में मीडिया से बातचीत में बताया कि करोना काल में आरपीएफ का मूवमेंट लगातार बना रहा है। सुरक्षा बल ट्रेनों में स्क्वैड के साथ ही रेल संपत्तियों की सुरक्षा में भी योगदान कर रहा है। उत्तर मध्य रेलवे में आगरा रेल मंडल के आरपीएफ के कार्य सराहनीय रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में आरपीएफ ने साइबर सेल की यूनिट शुरू की है। आगरा में भी ई पेट्रोलिंग की जा रही है। जीआरपी से तालमेल के सवाल पर उनका कहना था कि सभी जगह पर जीआरपी के साथ समन्वय से ही क्राइम कंट्रोल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरपीएफ में किसी भी सुरक्षा बल की अपेक्षा ज्यादा महिला सुरक्षाकर्मी हैं। उनकी सुविधा के लिए आगरा में बैरक स्वीकृत हो चुकी है। इसमें चेजिंग रूम समेत अन्य सुविधाएं होंगी। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरपीएफ की सभी पोस्टों में अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराए गए हैं। इसके पहले आईजी ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और कैंट स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण किया।
सात मोटरसाइकिलें दी गईं
आगरा। आरपीएफ के आगरा मंडल को गश्त के लिए सात मोटरसाइकिलें दी गईं। डीआरएम आफिस पर सुबह आईजी आरपीएफ रवींद्र वर्मा और डीआरएम सुशील कुमार श्रीवास्तव ने इन्हें हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बताया कि इससे आरपीएफ का मूवमेंट बढ़ेगा। अब तक मंडल को 17 बाइकें दी जा चुकी हैं।