किशनी। थाना क्षेत्र के बखतपुर विद्युत उपकेंद्र पर जबरन बिजली जोड़ने से मना करने पर अराजक तत्वों ने एसएसओ की पिटाई कर दी। आरोपी तमंचा लेकर आए थे। मामले में दो दिन बाद सोमवार को तहरीर दी गई। प्रभारी थानाध्यक्ष ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उपकेंद्र पर दीपमान एसएसओ के पद पर तैनात हैं। होली पर निहालपुर फीडर पर फाल्ट के चलते बिजली ट्रिप होकर चली गई थी। नामजद ने दीपमान से बिजली चालू करने के लिए कहा तो उन्होंने लाइन में फाल्ट होने के बात कही। इस पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। कुछ देर बाद आरोपी साथियों के साथ बिजली घर पर आ पहुंचा। तमंचा के बल पर कंट्रोल रूम की कुंडी तोड़कर जबरन बिजली शुरू कर दी। विरोध करने पर पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
एसएसओ ने इसकी सूचना पीआरवी व उच्चाधिकारियों को दी। अगले दिन पीआरवी पहुंची लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। जेई अनिल कुमार एसएसओ दीपमान व लाइनमैन के साथ सोमवार को थाने पहुंचे। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सत्यभान सिंह ने जांच के बाद कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।