आगरा में इनर रिंग रोड पर कार सवारों ने पैदल जा रहे कांवड़ियों को कुचल दिया। हादसे में पांच कांवड़िए बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें से एक ही हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना से आक्रोशित अन्य कांवड़ियों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। कार सवार युवकों की जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। कार सवार साफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जो आगरा अपने मित्र से मिलने के लिए आए थे।
थाना ताजगंज क्षेत्र में इनर रिंग रोड पर गुतिला के पास रविवार आधी रात को कार से साफ्टवेयर इंजीनियर अरिहंत और सैफई मेडिकल कालेज का छात्र अनुराग पटेल अपने मित्र से मिलने के लिए जा रहे थे। बताया गया है कार तेज गति से दौड़ रही थी। इस दौरान कार ने सड़क पर पैदल चल रहे कांवड़ियों को चपेट में लेते हुए कुचल दिया।
कार ने जैसे ही कांवड़ियों को रौंदा तो भगदड़ मच गई। हादसे में पांच कांवड़िया घायल हो गए, जिनमें से एक ही हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों की भीड़ ने दोनों कार सवारों को पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई की गई। इस दौरान कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कांवड़ियों से दोनों युवकों को छुड़ाते हुए अपनी गिरफ्त में लिया। पुलिस ने बताया कि अरिहंत निवासी स्टेशन रोड टूंडला फिरोजाबाद, गुरुग्राम में एक कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर है। वहीं उसका साथी अनुराग पटेल सैफई मेडिकल कालेज का छात्र है। वह बरेली के इज्जत नगर का रहने वाला है। दोनों आगरा अपने मित्र से मिलने के लिए आए थे। रास्ते में ये हादसा हो गया।
पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे में नगला नत्थू बमरौली कटारा के रहने वाले कांवड़िया अर्जुन, गौरव तोमर, दिगंबर और मनकुश घायल हो गए हैं। अर्जुन की हालत गंभीर बताई गई है।