करीब 20 मिनट तक रुकी रही एंबुलेंस
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर को यमुना एक्सप्रेसवे से मथुरा होकर सैफई ले जाया गया। मथुरा के जाबरा टोल प्लाजा पर पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता जुटे। तकनीकी कारणों से एंबुलेंस करीब 20 मिनट यहां रुकी रही। इस दौरान मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर के लोगों ने दर्शन कर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान यहां मौजूद लोगों आंखें नम हो गई।
पिछले कई दिनों से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह अंतिम सांस ली। यह जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ता गमगीन हो उठे। कुछ समय बाद ही जानकारी मिली कि उनका पार्थिव शरीर गुरुग्राम से यमुना एक्सप्रेसवे से मथुरा होते हुए सैफई ले जाया जाएगा। इसके बाद कार्यकर्ता व समर्थक जाबरा टोल प्लाजा पहुंच गए।
संबंधित खबर- Mulayam Singh Yadav: कुनबे की दरार ने मुलायम को कर दिया था कमजोर, सियासत की जमीन पर यूं बिखरा परिवार
सपा नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
एंबुलेंस के साथ ही उनके भाई शिवपाल यादव, पुत्र अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव, मैनपुरी के पूर्व विधायक राजू यादव एवं डिबाई के विधायक गुडू पंडित भी थे। मथुरा से पूर्व मंत्री सरदार सिंह, पूर्व विधायक ठाकुर कुशलपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष डॉ. आबिद हुसैन, सतीश पटेल, ओमवीर सिंह महोबा, गजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, अशोक चौधरी, डीपी सिंह, सतीश सिंह आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस हुई खराब
गुरुग्राम से सैफई के लिए मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस जाबरा टोल प्लाजा पर पहुंचते ही अचानक से बंद हो गई। चालक की कोशिश काम नहीं आई तो तत्काल ही सुरक्षाकर्मियों ने एंबुलेंस को घेर लिया। यहां तक कि कार्यकर्ताओं की भी गाड़ी से दूरी बना दी गई। काफिले में शामिल गाड़ी मिस्त्री ने एंबुलेंस को सही किया। इससे करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस खड़ी रही।