आगरा। शहर का सबसे बड़ा सूरसदन प्रेक्षागृह शनिवार को नई साज सज्जा के साथ शुरू हो गया। लोकार्पण समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आगरा सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, यहां तीन हजार की क्षमता वाले एक और ऑडिटोरियम की आवश्यकता है।
सूरसदन में आयोजित लोकार्पण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आगरा सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। सांस्कृतिक गतिविधियों से ही प्रतिभाएं निखरकर सामने आती हैं। ऐसे में आगरा जैसे धरोहर शहर को एक और ऑडिटोरियम की आवश्यकता है। समारोह में एमएसएमई के राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। एडीए के उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने धन्यवाद दिया।
दस माह से बंद था प्रेक्षागृह
सूरसदन में आगरा विकास प्राधिकरण ने मंच से लेकर कुर्सियों तक बदली हैं। ऑडिटोरियम को नया रंग रूप देने में तीन करोड़ की धनराशि व्यय की गई है। ऑडिटोरियम के खुलने पर कला प्रेमियों ने अच्छा कदम बताया।
नहीं आए मेयर
सूरसदन प्रेक्षागृह के लोकार्पण समारोह में महापौर नवीन जैन नहीं पहुंचे। एडीए द्वारा आमंत्रण पत्र में मेयर का नाम नहीं दिया था, जबकि उन्हें आमंत्रित किया गया था। राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने भी कार्यक्रम में शिरकत नहीं की।