गैंग का सरगना अनीश (बीच में) और सॉल्वर दुर्योधन और धर्मेंद्र
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस, पीएसी और सेना की भर्ती में सॉल्वरों की मदद से अभ्यर्थियों को पास कराने का सपना दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना अनीश ने पांच सालों में मोटी कमाई की है। उसने ठगी की रकम से स्कॉर्पियो कार खरीद ली। वो दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई में फाइव स्टार होटलों में ठहर चुका है।
उसके ठाठ देख पुलिस भी हैरान है। आगरा पुलिस फोटो सहित सरगना की और उसके गिरोह की कुंडली तैयार कर रही है। इसे एसटीएफ को भेजा जाएगा, ताकि भविष्य की परीक्षाओं में इन पर नजर रखी जा सके। आगरा पुलिस की एक टीम उसके गांव में जानकारी जुटा रही है।
एटा जिले के जैथरा के गांव नगला साबित के हशमीर खां का बेटा अनीश चौधरी मुख्तार सिंह डिग्री कालेज अलीगंज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसके गांव के लोगों ने बताया कि पांच साल पहले तक साइकिल पर चलता था, अब उसके पास स्कॉर्पियो है। महंगे मोबाइल, ब्रांडेड घड़ियां रखने का उसे शौक है।
पिता हशमीर खां के पास गांव में एक बीघा जमीन है। इससे पहले हशमीर खां दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। अनीश छह भाइयों में सबसे बड़ा है। आमिर खां, राशिद खां, प्रिंस खां, मोहसिन खां सहित सभी गांव में रहते हैं।
दरोगा बनकर घूमता था, जमानत पर है बाहर
शातिर अनीश खां को पूर्व में पुलिस की वर्दी पहने छिबराऊ जिला कन्नौज पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में वो जमानत पर जेल से चल रहा है। पुलिस ने बताया कि वह दरोगा बनकर घूमता था और ठगी करता था।
ठगी के शिकार काट रहे चक्कर
उसके गिरोह के सदस्य चार दिन पहले ही पकड़ लिए गए थे। तब से उसके घर उन अभ्यर्थियों के परिवारीजन चक्कर काट रहे हैं जिनसे उसने लाखों रुपये लिए हैं। पड़ोसियों ने बताया कि कई लोग हंगामा कर चुके हैं।
भर्ती के दौरान घर पर लगता था मेला
पड़ोसियों ने यह भी बताया कि पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा से पहले उसके घर पर सैंकड़ों लोग आते थे। मेला सा लग गया था। ये लोग सॉल्वर के जरिए अपने बेटों को पास कराना चाहते थे।
जैथरा थाना के प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी ने बताया कि सॉल्वर गैंग के सरगना की रूप में पकड़ा गया अनीश खां बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। पूर्व में भी पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में पकड़ा है। वर्तमान में सरगना के पिता व भाई गांव में ही रहते हैं।