कैंसर के मरीजों का अब व्यवस्थित ढंग से इलाज होगा। इसके लिए ट्यूमर बोर्ड बनेगा, जिसमें छह विशेषज्ञ होंगे। जांच से लेकर सर्जरी तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की भूमिका तय होगी। एसएन मेडिकल कॉलेज और टाटा मेमोरियल सेंटर ट्रैवलिंग स्कूल ऑफ ओंको-पैथोलॉजी (टीटीएसओपी) मुंबई की ओर से तीन दिवसीय कार्यशाला में इसका प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य वक्ता टीटीएसओपी के डॉ. सुमित गुजराल ने बताया कि ट्यूमर बोर्ड में पैथोलॉजिस्ट, ओंको-फिजीशियन, ओंको-सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी, न्यूरोलॉजिस्ट शामिल होंगे। इससे बीमारी की जांच, कीमोथेरेपी-रेडियोथेरेपी, सर्जरी विशेषज्ञ मरीजों की केस हिस्ट्री के आधार पर इलाज तय करेंगे। इससे मरीजों को विभिन्न डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए चक्कर नहीं लगाने होंगे।
पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दीपा रानी ने बताया कि मुंबई से 25 विशेषज्ञों की टीम आई है। ये टेक्नीशियन को सटीक जांच के लिए प्रशिक्षित भी कर रहे हैं। तीन दिन में इलाज, जांच और सर्जरी समेत विभिन्न बिंदुओं पर मंथन होगा। कैंसर रोग विभाग की डॉ. सुरभि गुप्ता और कैंसर सर्जन डॉ. वरुण अग्रवाल ने बताया कि कैंसर कई अंगों को संक्रमित करता है।
इसमें चिकित्सकों के समूह बनने से मरीज के इलाज की बेहतर कार्ययोजना बन सकेगी। इससे मरीज की परेशानी कम होने के साथ ही ठीक होने की दर भी बढ़ेगी। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला के बाद ट्यूमर बोर्ड के लिए विशेषज्ञ टीम का गठन करेंगे। कार्यशाला में डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. पूजा नगायच, डॉ. गरिमा ढुंढी, डॉ. चंद्रकांता, डॉ. रिचा जैमन आदि मौजूद रहे।