आगरा में यातायात व्यवस्था के संचालन के लिए रविवार को किया गया यातयात पुलिस और स्मार्ट सिटी का ट्रायल पहले ही दिन फेल हो गया। 11 में सात चौराहों पर ट्रैफिक लाइट व्हीकल एक्टीवेट कंट्रोल (वीएसी) मोड पर नहीं आ सकीं। ट्रैफिक लाइट कहीं बंद रहीं तो कहीं हरी लाइट चमकती रही। इस समस्या को लेकर अब अधिकारी स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम को रिपोर्ट भेजेंगे।
शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस और स्मार्ट सिटी के कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम से एक प्रयोग रविवार को सुबह नौ बजे से 11 बजे तक किया जाना था। इसमें ट्रैफिक लाइट का संचालन व्हीकल एक्टीवेट कंट्रोल (वीएसी) मोड पर होना था। यह व्यवस्था आरबीएस, दीवानी, आगरा कॉलेज, भोगीपुरा, करकुंज, ईदगाह, एसबीआई, पश्चिमपुरी, सदर बाजार, खंदारी, तारघर चौराहा पर होनी थी।
इन चौराहों पर स्मार्ट सिटी के कैमरों से वाहनों के घनत्व को देखते हुए लाल और हरी बत्ती संचालित होतीं। मगर, सदर बाजार, ईदगाह, तारघर और एसबीआई चौराहे पर ही यह व्यवस्था हो सकी। बाकी चौराहों पर ट्रैफिक लाइट ब्लिंक मोड पर रहीं। जिन चौराहों पर वीएसी मोड पर ट्रैफिक सिग्नल चले, वहां पर किसी तरह की जाम की समस्या नहीं हुई।
समस्या को दूर करेंगे, फिर होगा ट्रायल
प्रभारी पुलिस अधीक्षक यातायात सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शहर में जिन चौराहों पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, उन चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल वीएसी मोड पर चलाने की योजना है, जिससे लोगों की जाम की समस्या को दूर किया जा सके। इसके तहत ही यह ट्रायल किया गया है।
मगर, सात चौराहों पर कनेक्टिविटी की दिक्कत थी। इस कारण ट्रायल पूरा नहीं हो सका। इस समस्या को दूर किया जाएगा। जिन चौराहों पर वीएसी मोड पर ट्रैफिक संचालन हुआ, वहां पर ट्रैफिक पहले से ही कम था। इसलिए दिक्कत नहीं हुई। यह सिर्फट्रायल के तौर पर था। कमियों को दूर किया जाएगा। इसके बाद फिर से ट्रायल किया जाएगा। अब अलग-अलग चरण में यह ट्रायल विभिन्न चौराहों पर किया जाएगा।
आरबीएस चौराहा
वीएसी मोड पर यातायात का संचालन नहीं हो सका। यहां पर चार पुलिसकर्मी तैनात थे। वाहनों का दबाव भी नहीं था। पुलिसकर्मी ही यातायात का संचालन कर रहे थे। ट्रैफिक लाइट ब्लिंक मोड पर थीं।
दीवानी चौराहा
यह एमजी रोड का प्रमुख चौराहा है। यहां पर ट्रैफिक लाइट ब्लिंक मोड पर थीं। इनमें भी कुछ ट्रैफिक लाइट बंद भी थीं। चौराहे पर बिना रुके लोग भगवान टाकीज, खंदारी, नेहरू नगर और हरीपर्वत की तरफ जा और उस तरफ से आ रहे थे। इस चौराहे पर पुलिसकर्मी भी तैनात नहीं थे।
खंदारी कैंपस चौराहा
ट्रायल के लिए खंदारी कैंपस चौराहा भी चुना गया था। आम दिनों में यहां पर ट्रैफिक ग्रीन और रेड लाइट से नहीं चलता है। ट्रायल के दौरान पीए सिस्टम पर कोरोना से बचाव और यातायात नियमों के पालन का संदेश चल रहा था। मगर, हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग की ट्रैफिक लाइट बंद थीं। यहां पर पुलिसकर्मी भी तैनात नहीं किए गए थे।