मैनपुरी। नवोदय छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी के अध्यक्ष एडीजी मंगलवार को कैंप कार्यालय पहुंचे। जांच कर रही टीम के साथ बैठक कर प्रगति रिपोर्ट देखी। 11 नवंबर को इस मामले में हाईकोर्ट में अब तक की कार्रवाई का ब्यौरा देना है।
भोगांव के नवोदय विद्यालय की एक छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म के मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित एसआईटी एडीजी कानपुर के निर्देशन में जांच कर रही है। जांच को करीब डेढ़ माह का समय हो चुका है। सूूत्रों के अनुसार अभी तक करीब 171 लोगों के डीएनए, आठ लोगों की पॉलीग्राफ टेस्ट कराए जा चुके हैं। पॉलीग्राफ की प्रक्रिया अभी भी जारी है। वहीं 11 नवंबर को इस मामले में एसआईटी को अपनी रिपोर्ट पेश करनी है। इसी को लेकर मंगलवार को एडीजी भानु भास्कर सर्किट हाउस स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे। वहां पूरी टीम के साथ करीब पांच घटा तक अब तक की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा हुई। इसमें संदिग्धों से की गई पूछताछ, पॉलीग्राफ टेस्ट की रिपोर्ट सहित अन्य जानकारियां ली गईं। एडीजी की ओर से टीम को तेजी के साथ मामले के खुलासे को लेकर प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं 11 नवंबर को हाईकोर्ट की तारीख के संबंध में भी वार्ता हुई।
----
मुल्जिम की गिरफ्तारी करें
सूत्रों के अनुसार एडीजी ने बैठक में जहां प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। वहीं मुल्जिम की गिरफ्तारी को लेकर भी अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए हैं। वहीं गवाहों के टेस्ट आदि की प्रक्रिया जल्द पूरी कराए जाने की बात कही है। एडीजी प्रगति रिपोर्ट की जानकारी डीजीपी को उपलब्ध कराएंगे।