आगरा। कड़ाके की सर्दी के बीच पेयजल संकट खड़ा हो गया है। सिकंदरा स्थित वाटर वर्क्स की पंप दो दिन पहले खराब होने के कारण आधे शहर में आपूर्ति बाधित हो गई। ऐसे में लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा।
शहर में सिकंदरा और जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से पानी की आपूर्ति की जाती है। मोटर खराब होने के चलते सिकंदरा वाटरवर्क्स से मंगलवार को आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद बुधवार को भी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। दो दिन तक पानी नहीं आने से पेयजल के लिए लोग परेशान हैं। आवास विकास काॅलोनी, सिकंदरा, गढ़ी भदाैरिया, मानस नगर, मारुति एस्टेट, बोदला आदि क्षेत्रों में पेयजल किल्लत खड़ी हो गई। लोगों को सर्दी में पानी के लिए दाैड़ लगानी पड़ी। किसी ने आसपास सबमर्सिबल का सहारा लिया तो किसी ने आरओ प्लांट से पानी खरीदकर काम चलाया।
कटरा मदारी खां निवासी मनी आनंद ने बताया कि पिछले दो दिन से क्षेत्र में पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में दैनिक कार्यों के लिए आरओ प्लांट से पानी खरीदकर लाना पड़ा। गढ़ी भदाैरिया निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम से पानी नहीं आ रहा है। मजबूरन पड़ोस में लगी सबमर्सिबल से पानी भरकर लाना पड़ा। सर्दी में भी पेयजल संकट से राहत नहीं मिली है। जलकल जीएम एके राजपूत की माने तो बृहस्पतिवार तक मोटर को ठीक करा लिया जाएगा। इसके बाद आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।