आगरा में थाना सदर के सेवला में मंगलवार रात को घर में जूता कारीगर संजय (40) की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि संजय की पत्नी के टुंडपुरा निवासी मान सिंह से प्रेम संबंध चल रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों ने संजय की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में रखकर आरोपी मान सिंह कंधे पर रखकर ले जा रहा था। रास्ते में बोरा गिर गया। इससे क्षेत्र के लोगों ने देख लिया। उसे पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सारी घटना कबूल कर ली।
मूलरूप से मूसेका पुरा निवासी संजय सदर के देवरी रोड पर मकान लेकर रहते थे। पुलिस ने बताया कि कुछ महीने पहले पत्नी सुनीता उर्फ सुषमा और तीन बच्चों को लेकर सेवला में किराये पर रहने लगे। मंगलवार रात को 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सेवला में बोरे में लाश ले जा रहा है। इस पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। बोरे से लाश बरामद हुई। यह संजय की थी। पुलिस ने शव की पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी।
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि आरोपी मान सिंह निवासी टुंडपुरा है। उसने बताया कि संजय की पत्नी सुनीता से उसके प्रेम संबंध हैं। दोनों एक-दूसरे के घर पर आते थे। संजय को इस बात का पता चल गया। इस कारण वह उसे घर नहीं आने देता था। पत्नी की भी पिटाई करता था। इससे दोनों ने संजय की हत्या की योजना बनाई।
मंगलवार को वह संजय से मिलने उसके घर पर गया था। सुनीता ने बच्चों को अलग कमरे में बैठा दिया। योजना के तहत मान सिंह ने संजय को अत्यधिक शराब पिला दी। इससे वह नशे में हो गया। इसके बाद उसके गले में दुपट्टा डाल दिया। मान सिंह और सुनीता ने गला घोंट दिया। शव को बोरे में बंद करके कंधे पर रख लिया। इसके बाद पैदल ही पास के तालाब में डालने के लिए ले जाने लगा। रास्ते में शव भारी होने की वजह से पैर फिसल गया। बोरा गिरने से आसपास से निकलते लोगों को पता चला गया। उन्हें बोरे से हाथ निकलता दिख गया। इस पर आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मान सिंह की गिरफ्तारी के बाद सुनीता को भी पकड़ लिया। उसने घटना करना कबूल कर लिया।
नहीं था पति की हत्या का अफसोस
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि सुनीता को पति की हत्या का कोई अफसोस नहीं था। उसकी शादी को दस साल से अधिक हो गए थे। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ा बेटा नौ साल का है। सुनीता और मान सिंह के बीच प्रेम संबंध दो साल पहले हुए थे। आरोपियों के पास से गले में फंदा लगाने वाला दुपट्टा, मृतक का मोबाइल और आधार कार्ड बरामद किया गया है।