आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर आयोजित होने वाली ऐतिहासिक शोभायात्रा और भीमनगरी महोत्सव के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। सोमवार को पुलिस लाइंस में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह और जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने संयुक्त रूप से मातहतों को दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीसीपी सिटी, पश्चिमी, पूर्वी, ट्रैफिक, अपर नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, अन्य जनपदों से आए अधिकारी, सभी एसीपी, थाना प्रभारी व शाखा प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि 14 अप्रैल को शाम 4 बजे आंबेडकर भवन, कटरा गड़रियान काजीपाड़ा से शोभायात्रा शुरू होगी। वह विभिन्न मार्गों से होते हुए 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे जीआईसी ग्राउंड, थाना लोहामंडी पहुंचेगी। इसमें लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को देखते हुए शहर को तीन सुपर जोन, आठ जोन और 33 सब-जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन पर राजपत्रित अधिकारी स्तर के एसीपी प्रभारी होंगे, जिनके साथ दो-दो मजिस्ट्रेट तैनात हैं, थाना प्रभारी को सहायक जोनल अधिकारी बनाया गया है। शोभायात्रा मार्ग पर अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, मोबाइल वॉच टावर तथा रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च और ड्रोन के माध्यम से निगरानी होगी। जर्जर छतों व छज्जों पर भी पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
अफवाह पर लगाम की तैयारी
सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने के लिए मीडिया सेल को 24 घंटे निगरानी के निर्देश हैं। विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। जीआईसी ग्राउंड में 14 से 17 अप्रैल तक भीमनगरी कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक आयोजन और मेले का आयोजन होगा, जिसके लिए पर्याप्त पुलिस बल, पार्किंग और कानून-व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। सभी कर्मियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने, दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने, शालीन व्यवहार बनाए रखने और शोभायात्रा समाप्ति तक ड्यूटी स्थल न छोड़ने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस लाइंस के बहुउद्देशीय हाल में भीमनगरी को लेकर अधिकारियों ने ब्रीफिंग की।पुलिस
पुलिस लाइंस के बहुउद्देशीय हाल में भीमनगरी को लेकर अधिकारियों ने ब्रीफिंग की।पुलिस