आगरा में बरहन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़ित किशोरी ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव के युवक पर लगाया था आरोप
विज्ञापन
थानाध्यक्ष बरहन बहादुर सिंह ने बताया कि 12 जुलाई को किशोरी की तरफ से दुष्कर्म किए जाने की तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि 10 जुलाई की रात गांव का ही एक युवक उसे सोते समय जबरन उठा ले गया था। पीड़िता की तहरीर पर गांव निवासी मुरारी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी मुरारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अभी आरोपी जेल में ही है। इधर, सोमवार को किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
इसी साल पास की थी 12वीं की परीक्षा
एसओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच कर रही है कि किशोरी ने किन परिस्थितियों में जहर खाकर जान दी है। किशोरी ने इसी साल 12वीं की परीक्षा पास की थी। उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।