फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उफनते सीवर से 10 लाख लोग त्रस्त, लाइनें चोक, पांच दिन बाद भी नहीं सुनीं शिकायतें

Sun, 09 Feb 2020 02:06 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
सीवर की समस्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा सीवर चोक होने की शिकायतें आगरा में हैं। 65 फीसदी सीवर लाइनें ताजनगरी में चोक पड़ी हैं। देश की सर्वोच्च अदालत सीवर समस्या के निदान के लिए गंभीर है। 10 लाख से ज्यादा लोग उफनते सीवर के कारण त्रस्त हैं, लेकिन सीवर नेटवर्क की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी वीए टेक वबाग के अफसर लोगों की शिकायतों को अनसुना कर रहे हैं। पांच दिन में भी टीम नहीं भेजी जा रही है। सड़कों पर सीवर बहने और अब घरों में बैक मारने से लोग परेशान है। 
विज्ञापन


प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी और अत्याधुनिक मशीनें न होने के कारण वबाग लोगों की समस्याओं को दूर नहीं कर पा रही। आवास विकास, पीपलमंडी, बल्केश्वर नूरी गेट समेत शहर के बड़े हिस्से में टोल फ्री नंबर पर मिली शिकायतों को दूर नहीं किया जा सका। लोगों के साथ क्षेत्र के पार्षदों में सीवर समस्या का निदान न होने से आक्रोश है।

इन जगहों पर उफन रहा सीवर
आवास विकास कालोनी सेक्टर 2, 4,  6, 6 सी, 7, 11 ए, 14, 16, बल्केश्वर, शहीद नगर, सिंधी बाजार, चारसू दरवाजा, नूरी दरवाजा, नीलकंठ, धूलियागंज, काला महल, पीपलमंडी, कूंचा साधुराम, खिड़की गली,  फुव्वारा, हॉस्पिटल रोड, लोहामंडी, नौबस्ता, मदिया कटरा, जगदीशपुरा, रूई की मंडी, कटरा उमर, ताजगंज, कुत्ता पार्क, दक्षिणी गेट, मलको गली, बोदला में सीवर के उफान मारने से लोग बेहाल हैं। आवास विकास कालोनी में तो घरों के अंदर सीवर बैक मारने लगा है, जो उनके किचन तक पहुंच गया, लेकिन वबाग के कर्मचारी शिकायतें दूर नहीं कर पाए।
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट की कमेटी देख चुकी, पर सुधरे नहीं
शहर की सीवर समस्या का स्वत: संज्ञान लेकर देश की सर्वोच्च अदालत ने नेशनल एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (नीरी) के वैज्ञानिक एसके गोयल और पर्यावरणविद एमसी मेहता को दो दिन के लिए आगरा भेजकर हालात की रिपोर्ट मांगी है, लेकिन अफसरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा।

तीन दिनों से हालात में कोई सुधार नहीं आया। सुप्रीम कोर्ट कमेटी के सामने भी लोगों ने सीवर समस्या का दर्द साझा किया था। नगर निगम, जल निगम, जलकल और निजी कंपनी वीए टेक वबाग ने सीवर समस्या के निदान के लिए कोई कवायद नहीं की है।

सोमवार से आंदोलन की चेतावनी, घेरेंगे आफिस
सीवर लाइन चोक होने की सबसे ज्यादा शिकायतें आवास विकास में हैं तो पुराने शहर में गाड़ियां न पहुंचने से उनका निदान नहीं हो पा रहा। घटिया आजम खां, मंडी सईद खां, तिकोनिया के पास सीवर लाइन चोक हो जाने से परेशान लोगों ने चेतावनी दी है कि वह सोमवार को नगर निगम और जलकल कार्यालय का घेराव करेंगे।

पांच दिन से उनकी शिकायतें वबाग पर दर्ज हैं, लेकिन मुआयना करने के बाद भी उनके क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई नहीं की गई। अधिकारियों का घेराव करने के बाद तब तक आंदोलन चलेगा, जब तक उफनते सीवर बंद नहीं हो जाते।
विज्ञापन

एक सप्ताह से सीवर की शिकायतें सुन सुन कर परेशान हो गई हूं। वबाग के कर्मचारी सुनवाई नहीं कर रहे। लोग परेशान हैं। उनके सब्र का बांध टूट रहा है। कंपनी के दावे हर बार फेल हो रहे हैं। उच्चाधिकारी हालात की गंभीरता नहीं समझ रहे। सुषमा जैन, पार्षद, आवास विकास

अजब हाल है। एक महीने में न कर्मचारी रख सके, न मशीनें ला पाए। दिसंबर से फरवरी के बीच कंपनी ने क्या तैयारी की। हम परेशान हैं और सोमवार से आंदोलन के लिए तैयार हैं। लोग कब तक सब्र रखें। हर दिन उन्हें झांसा दिया जा रहा है शिरोमणि सिंह, पार्षद, मंडी सईद खां
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें