स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर लगाया गया
- फोटो : अमर उजाला
590 दरोगा-सिपाहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 200 का वजन ज्यादा और तोंद निकली हुई मिली। इतना ही नहीं उच्च रक्तचाप और डायबिटीज भी निकली। शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में यह बात निकलकर सामने आई है।
आगरा में पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात हैं। इनके स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर लगाया गया। शिविर में फिजीशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और हृदय रोग विशेषज्ञ ने पुलिसकर्मियों का चेकअप किया।
इस दौरान लंबाई और वजन भी किया गया। शाम तक 590 पुलिसकर्मियों ने अपना चेकअप कराया। एसएसपी बबलू कुमार ने भी चेकअप कराया। उनकी शुगर से लेकर रक्तचाप सामान्य मिला। एसएसपी ने बताया कि पांच दिन तक पुलिसकर्मियों का चेकअप कराया जाएगा। इसका रिकॉर्ड भी बनाया जा रहा है।
पुलिस लाइन में लगा स्वास्थ्य शिविर
- फोटो : अमर उजाला
पहली बार शुगर बढ़ी होने का चला पता
शिविर में चेकअप कराने वाले 26 पुलिसकर्मियों में शुगर की समस्या मिली। सभी पुलिसकर्मी ऐसे थे, जिन्हें पहली बार शुगर बढ़ी होने के बारे में पता चला। वहीं 77 में उच्च रक्तचाप की समस्या थी। 20 में हृदय संबंधी परेशानी मिली।
फिजीशियन डॉ. सचिन नामवंशी, डॉ. राहुल प्रताप सिंह और डॉ. सुपल सरकार ने बताया कि कई बार पुलिसकर्मी समय पर भोजन नहीं कर पाते हैं। ड्यूटी के दौरान कई घंटे खड़ा रहना पड़ता है। ड्यूटी का समय भी 12 घंटे से अधिक है। ऐसे में पुलिसकर्मियों में शुगर बढ़ने और उच्च रक्तचाप की समस्या हो रही है। उन्हें समय पर भोजन करने की सलाह दी गई है।
कंप्यूटर पर काम से आंखों में जलन
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियदर्शनी केलकर और डॉ. सुनील गौतम ने पुलिसकर्मियों की आंखों की जांच की। कुछ पुलिसकर्मियों ने आंखों में जलन की समस्या बताई। यह पुलिसकर्मी कंप्यूटर पर काम करने वाले थे। इस पर पुलिसकर्मियों को स्क्रीन से थोड़ी दूरी पर काम करने की सलाह दी गई।
पुलिसकर्मियों से हथियारों को खोलकर और लगाकर भी दिखाया गया
- फोटो : अमर उजाला
हथियार चलाने के बारे में बताया
पुलिसकर्मियों को एंटी राइट गन, पिस्टल और इंसास चलाने के बारे में भी बताया गया। पुलिसकर्मियों से हथियारों को खोलकर और लगाकर भी दिखाया गया।
पुलिसकर्मियों को दिखाई चरित्र पंजिका
पुलिस लाइन में आयोजित शिविर में पुलिसकर्मियों को चरित्र पंजिका भी दिखाई गई। उनके सत्यापन के लिए फार्म भी भरवाया गया। इसमें पत्नी और बच्चों के नामों को अंकित किया गया।
फिटनेस के लिए रोज कसरत जरूरी: अशफाक
सेवानिवृत्त एसपी अशफाक अहमद ने बताया कि भर्ती के मापदंड के मुताबिक, लंबाई 167.5 सेमी होनी चाहिए। सीना कम से कम 32 सेमी और फुलाकर 36 सेमी होना चाहिए। भर्ती के समय अभ्यर्थी फिट होते हैं। ड्यूटी के दौरान सही समय पर परेड, व्यायाम और योगा न करने की वजह से अनफिट हो जाते हैं। पहले पैदल और साइकिल पर करते थे। इस कारण मोटापा बढ़ रहा है। अब पुलिसकर्मियों को बाइक पर गश्त करनी होती है। अधिक ड्यूटी और छुट्टी नहीं मिलने की वजह से तनावग्रस्त हो जाते हैं। फिटनेस के लिए रोज कसरत जरूरी है।