पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा सीवर चोक होने की शिकायतें आगरा में हैं। 65 फीसदी सीवर लाइनें ताजनगरी में चोक पड़ी हैं। देश की सर्वोच्च अदालत सीवर समस्या के निदान के लिए गंभीर है। 10 लाख से ज्यादा लोग उफनते सीवर के कारण त्रस्त हैं, लेकिन सीवर नेटवर्क की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी वीए टेक वबाग के अफसर लोगों की शिकायतों को अनसुना कर रहे हैं। पांच दिन में भी टीम नहीं भेजी जा रही है। सड़कों पर सीवर बहने और अब घरों में बैक मारने से लोग परेशान है।
प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी और अत्याधुनिक मशीनें न होने के कारण वबाग लोगों की समस्याओं को दूर नहीं कर पा रही। आवास विकास, पीपलमंडी, बल्केश्वर नूरी गेट समेत शहर के बड़े हिस्से में टोल फ्री नंबर पर मिली शिकायतों को दूर नहीं किया जा सका। लोगों के साथ क्षेत्र के पार्षदों में सीवर समस्या का निदान न होने से आक्रोश है।
इन जगहों पर उफन रहा सीवर
आवास विकास कालोनी सेक्टर 2, 4, 6, 6 सी, 7, 11 ए, 14, 16, बल्केश्वर, शहीद नगर, सिंधी बाजार, चारसू दरवाजा, नूरी दरवाजा, नीलकंठ, धूलियागंज, काला महल, पीपलमंडी, कूंचा साधुराम, खिड़की गली, फुव्वारा, हॉस्पिटल रोड, लोहामंडी, नौबस्ता, मदिया कटरा, जगदीशपुरा, रूई की मंडी, कटरा उमर, ताजगंज, कुत्ता पार्क, दक्षिणी गेट, मलको गली, बोदला में सीवर के उफान मारने से लोग बेहाल हैं। आवास विकास कालोनी में तो घरों के अंदर सीवर बैक मारने लगा है, जो उनके किचन तक पहुंच गया, लेकिन वबाग के कर्मचारी शिकायतें दूर नहीं कर पाए।