कासगंज। कोरोना काल में किए गए सेवा कार्य के लिए संविदा पर तैनात एएनएम, आशा कार्यकर्ता व आशा संगिनी को प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है। प्रोत्साहन राशि का लाभ संविदा पर तैनात 175 एएनएम, 1250 आशा कार्यकर्ताओं और 52 आशा संगिनी को मिलेगा।
कोरोना संक्रमण जब फैला तो लोगों ने खुद को अपने घरों तक सीमित कर लिया। उस समय आशा कार्यकर्ताओं, व संगिनी को घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल करने एवं होम आइसोलेशन मरीजों पर नजर रखी। गैर प्रांत से आने वाले लोगों की सूचना उपलब्ध कराने, कोरोना के मरीजों को जांच कराने आदि की जिम्मेदारी इनको सौंपी गई। कोरोना टीकाकरण में भी सेवाएं दीं।
प्रोत्साहन राशि एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2022 तक के लिए दी जाएगी। आशा और आशा संगिनी को जहां 12-12 हजार रुपये दिए जाएंगे वहीं संविदा पर तैनात एएनएम को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
शासन से आशा, संगिनी एवं संविदा पर तैनात एएनएम के लिए शासन से प्रोत्साहन राशि देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए बजट मिल चुका है। शीघ्र ही यह प्रोत्साहन राशि खाते में भेज दी जाएगी। - डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ