मैनपुरी। करहल विकास खंड में बिना मान्यता के स्कूल संचालित करने वाले रोजगार सेवक और जनसेवा केंद्र संचालक भाइयों को बीएसए ने नोटिस जारी किया है। बीएसए ने तुरंत विद्यालय के बंद कराने के निर्देश जारी किए हैं। अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
करहल विकास खंड के गांव हरेर में इकराम आदिल एजूकेशनल एकेडमी का संचालन अवैध रूप से ग्राम समाज की जमीन पर किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। डीएम के आदेश पर बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी (करहल) से जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाई गई। बीएसए कमल सिंह ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार रोजगार सेवक शमशुद्दीन और जनसेवा केंद्र संचालक शमशेर अली द्वारा बिना मान्यता के स्कूल का संचालन किया जा रहा है। दोनों मनरेगा मजदूरों को गुमराह और दबाव बनाकर बच्चों का नामांकन करा रहे हैं। जांच में पाया गया कि इस अमान्य स्कूल से आदर्श क्षेत्रीय जूनियर हाईस्कूल प्रतापनगर रानीपुर के नाम से छात्र-छात्राओं को अंकपत्र जारी किये जा रहे हैं जबकि संबंधित स्कूल की प्रबंधन समिति में दोनों भाइयों का कोई पंजीकरण नहीं है। बीएसए ने शमशेर अली और शमशुद्दीन को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि अमान्य स्कूल को तुरंत बंद कर दें अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।