आगरा में अप्रैल में आई कोरोना संक्रमण की आंधी ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं जो पिछले 12 महीने में नहीं बने। 30 दिन में 612 इलाकों में संक्रमित मिले हैं। सिकंदरा में सबसे अधिक 576 संक्रमित मिले हैं, जबकि शाहगंज में सबसे ज्यादा 10 मौतें हुई हैं।
अब भी वक्त है, संभल जाइए। घर में ही रहिए। बाहर कदम रखना जानलेवा हो रहा है। कुछ दिन खुद को घर में ही नजरबंद कर लीजिए। प्रशासन की यह अपील लोगों से है। शहर से गांव तक 612 इलाकों में वायरस फैल गया है। शहर में 11 क्षेत्र ऐसे हैं जहां हर गली-मुहल्ले में मरीज हैं। संक्रमण की चेन नहीं टूटने से इनमें लगातार रोगियों की मौतें हो रही हैं।
जिला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक 11 इलाकों में सर्वाधिक खतरा है। इनमें मंगलवार तक लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पूर्ण रोक है। इनमें सबसे ज्यादा 576 संक्रमित सिकंदरा क्षेत्र में मिले हैं। सबसे ज्यादा 10 संक्रमितों की मौत शाहगंज में हो चुकी है।
लोग घरों में रहेंगे तो परिवार को सुरक्षित रख सकेंगे
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि पूरे शहर की सर्विलांस मेपिंग कराई है। इसके आधार पर उन क्षेत्रों को चिह्नित किया है यहां सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। उन इलाकों में संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए संयम बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा। सख्ती भी की जाएगी। यहां लोग घरों में रहेंगे तो संक्रमण से बचे रहेंगे। परिवार को सुरक्षित रख सकेंगे।
30 दिन में 31 की मौत
संक्रमण की दृष्टि से 11 संवेदनशील क्षेत्रों में 30 दिनों में 31 मरीजों की मौत हो चुकी है। 3130 मरीज मिले हैं। इनमें करीब एक हजार एक्टिव केस हैं। इन क्षेत्रों में अत्यधिक संख्या में मरीज होने के कारण कंटेनमेंट जोन की परिधि दो किमी से अधिक है।
ये हैं सबसे ज्यादा संक्रमित क्षेत्र
स्थान- संक्रमित- मृतक- एक्टिव केस
- सिकंदरा क्षेत्र- 576-3-138
- सदर-108-01-108
- शाहगंज- 336-10-108
- आवास विकास कॉलोनी-268-1-78
- दयालबाग- 531-3-177
- शास्त्रीपुरम-बी ब्लॉक- 124-1-54
- विजय नगर, जीवनी मंडी-220-01-49
- मधु नगर-89-01-24
- एसएनएमसी, मोती कटरा- 301-03-63
- कमला नगर-489-07-107
- रेलवे कॉलोनी, कैंट-88-1-23
संक्रमित क्षेत्रों का ग्राफ
- 322 क्षेत्र में-1 मरीज
- 290 क्षेत्र में- 2 से 5 मरीज
- 81 क्षेत्र में- 6 से 10 मरीज
- 36 क्षेत्र में- 11 से 20 मरीज
- 20 क्षेत्र में- 20 से अधिक
- 15 क्षेत्र में- 50 से अधिक
- 5 क्षेत्र में- 100 से अधिक
स्थिति ठीक नहीं है
बालाजी पुरम निवासी केके भारद्वाज ने बताया कि अलबतिया में पिछले 15 दिनों में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। रोज किसी की मृत्यु की खबर मिल रही है। स्थिति बिल्कुल ठीक नहीं।
हर घर में कोई बीमार
आवास विकास कॉलोनी के गोविंद आहूजा ने कहा कि हर घर में कोई बीमार है। मेरे पड़ोस में दो लोग बुखार से मर गए। जांच नहीं कराई गई थीं, लेकिन लोगों में डर है कि ये कोरोना से हो रहा है।