बेवर के गांव नगला देवी स्थित अस्थाई गोशाला का निरीक्षण कारते एसडीएम।
- फोटो : MAINPURI
बेवर। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी भोगांव राज नारायण त्रिपाठी ने विकासखंड क्षेत्र के ग्राम नगला देवी स्थित अस्थाई गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोशाला में अव्यवस्था मिलने पर नाराजगी जताई। यहां पशुओं को पराली खिलाई जा रही है। भूसा, गुड़, हरे चारे, नमक का कोई प्रबंध नहीं है।
गोशाला में सर्दी से बचाव के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। टीन शेड के नीचे जानवरों को रखा गया है। मौके पर 96 गोवंश मिले। 86 गोवंश टैगिंग सहित पूर्व में ही रजिस्टर्ड हैं। बेसहारा गोवंश को पकड़ने के अभियान के तहत पकड़कर 10 गोवंश को भी रखा गया है। उनकी भी टैगिंग कराने के निर्देश पशु चिकित्साधिकारी को दिए गए।
एसडीएम ने गोशाला से लगी डेढ़ सौ बीघा चारागाह की जमीन पर हरा चारा का प्रबंध करने के निर्देश दिए। बझेरा रोड पर नगर पंचायत द्वारा संचालित कान्हा पशु आश्रय गृह का भी एसडीएम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 70 गोवंश मौजूद मिले। गोशाला में मौजूद एक बीमार गोवंश का उपचार होते मिला।