एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस को निर्देशित किया है। अज्ञात आरोपियों को भी चिह्नित किया जा रहा है। उधर, सपा और रालोद के नेताओं ने गोपनीय बैठक की है। मामले में अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखने की तैयारी की गई है।
मुकदमे में इनके हैं नाम
मुकदमे में रालोद के जिलाध्यक्ष नरेंद्र बघेल, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के रिजवान खान, राष्ट्रीय सचिव रवि यादव, प्रधान प्रतिनिधि राहुल घोष के अलावा राजकुमार, सुनील, कुंवर रवि यादव, राजा श्रीवास्तव, सुलेखा श्रीवास्तव, रजनी, जूही प्रकाश, संजू यादव, रामकुमार, सुनील यादव, विवेक यादव, लाखन सिंह, कुलदीप वाल्मीकि, प्रिंस, सुरेश दिवाकर, मुरली यादव, शैलू यादव, पूर्व पार्षद राजपाल यादव और 60 अज्ञात आरोपी हैं।
सपा-रालोद कार्यकर्ताओं पर लगे मुकदमे का विरोध
मंडी समिति में अधिकारियों की गाड़ी रोककर जांच करने के मामले में सपा और रालोद कार्यकर्ताओं पर मुकदमे का दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है। शनिवार को जाट हाउस, राजामंडी में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सोमवार को सुबह 11 बजे एक प्रतिनिधिमंडल एडीजी से मिलकर मुकदमा वापस लेने की मांग करेगा।
रालोद जिलाध्यक्ष नरेंद्र बघेल व समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि मंडी समिति स्थल पर कार्यकर्ता पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से थे। उन्होंने ऐसा कोई भी काम नहीं किया, जिससे सरकारी कार्य में बाधा, बलवा या धमकी जैसी धाराएं लगाई जातीं। रालोद के प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर, डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, कुंवर चंद्र वकील, ज्ञानेंद्र गौतम, विनय अग्रवाल व महेश जाटव ने भी विरोध जताया।