करहल पर पूरे प्रदेश की निगाहें
इस चुनाव में करहल सीट पर पूरे प्रदेश की निगाहे हैं। यहां से सपा मुखिया अखिलेश यादव और भाजपा से केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा के कुलदीप नरायन मैदान में है। करहल समेत मैनपुरी के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है। मतदाताओं में सुबह से जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 11 बजे तक 24.45 फीसदी मतदान हो चुका था।
मैनपुरी में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम
विधानसभा चुनाव के लिए मैनपुरी जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बल की 71 कंपनियों के साथ ही करीब आठ हजार अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जिले को 20 जोन और 124 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी जोन में जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
करहल में सर्वाधिक सात जोन, 34 सेक्टर
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिले में 20 जोन और 124 सेक्टर बनाए हैं। मैनपुरी और किशनी विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच जोन व 30-30 सेक्टर बनाए गए हैं। वहीं भोगांव विधानसभा क्षेत्र में चार जोन और 30 सेक्टर बनाए गए हैं। करहल विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक सात जोन और 34 सेक्टर बनाए गए हैं।