आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से पूर्व छात्रों को जोड़ने का एक बार फिर से प्रयास किया जा रहा है। पूर्व छात्र संघ (एलुमिनाई एसोसिएशन) बनाया जाएगा। संघ के संचालन के लिए नियमावली तैयार कराई जा रही है। इसके लिए लखनऊ, कानपुर, कर्नाटक विश्वविद्यालयों व आईआईटी खड़गपुर से नियमावली मंगाई गई है।
पुरातन छात्र प्रकोष्ठ के समन्वयक और इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) के निदेशक प्रो. लवकुश मिश्रा ने बताया कि नियमावली बनाने के लिए लखनऊ, कानपुर, कर्नाटक विश्वविद्यालय के साथ आईआईटी खड़गपुर से नियमावली मंगाकर उसका अध्ययन किया गया है। यहां पहले से पूर्व छात्र संघ संचालित हो रहे हैं। नियमावली तैयार होने के बाद उसे कार्य परिषद में रखा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद पूर्व छात्र संघ का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद ही ऑनलाइन खाता खुलवाया जा सकेगा।
पूर्व कुलपति प्रो. अशोक मित्तल के समय पूर्व छात्र प्रकोष्ठ बनाया गया था। इसकी वेबसाइट तो बना ली गई पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कम रुचि दिखाए जाने से संघ का गठन नहीं किया जा सका। अब प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने जल्द से जल्द पूर्व छात्र संघ का गठन करने का निर्देश दिया है। प्रो. लवकुश मिश्रा को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ कुछ और शिक्षकों को लगाया जाना है।