देश में बढ़ती आतंकी घटनाओं को लेकर संघ चिंतित है। खासकर जम्मू कश्मीर में होने वाली वारदातें बेचैन कर रही हैं। अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सरकार से आतंकियों की कमर तोड़ने को बड़ी कार्रवाई चाहता है।
इतना ही नहीं जम्मू कश्मीर से दहशतगर्दों के सफाए को एक्शन प्लान बनाने की भी सिफारिश की जाएगी। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली और भाजपा प्रमुख अमित शाह के साथ संघ प्रमुख मोहन भागवत इस मुद्दे पर भी चर्चा करेंगे।
वृंदावन के केशवधाम में एक से तीन सितंबर तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की समन्वय मीटिंग होने जा रही है। इसमें संघ से जुड़े सभी 35 संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली से प्रचारक पहुंच गए हैं।
गुरुवार को इन सभी ने संघ प्रमुख मोहनभागवत से मुलाकात की और अपने-अपने क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को रखा। यह सभी मुद्दे शुक्रवार से शुरू होने जा रही समन्वय मीटिंग में भी उठेंगे।