फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताजगंज में स्कूल के गार्ड को गोलियों से भूना

Wed, 28 Jan 2015 02:05 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
ताजगंज स्थित कहरई में ऑल सेंट स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड महेशचंद्र को रविवार की रात तीन बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर दिया। शव को नौफरी गांव के पास फेंक दिया। बदमाश साथी गार्ड डालचंद्र को सबक सिखाने आए थे। महेश ने अपनी जान देकर साथी को बचा लिया। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

सेमरी का ताल, ताजगंज निवासी महेशचंद्र उर्फ सुआ (48) सुपर स्मार्ट सिक्योरिटी सर्विस में गार्ड था। वह कहरई स्थित ऑल सेंट स्कूल में रात्रि ड्यूटी पर था। महेश के परिवारीजनों ने बताया कि इसी एजेंसी का दूसरा गार्ड शमसाबाद निवासी डालचंद्र पुष्पांजलि हाउस कालोनी में ड्यूटी दे रहा था। रविवार की शाम को सेमरी के ताल के रंजीत, संतोष और हरिओम कालोनी में शराब पी रहे थे। डालचंद्र ने उन्हें भगाया तो विवाद हो गया। वे डालचंद्र को जान से मारने की धमकी दे कर चले गए। घबराए डालचंद्र ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर महेंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी। महेंद्र ने डालचंद्र को आल सेंट स्कूल भेज दिया, जबकि कालोनी में दूसरे गार्ड को भेज दिया। बताते हैं कि रात तकरीबन 11 बजे तीनों बदमाश कालोनी पहुंचे। उन्होंने कालोनी के गार्ड अवधेश से पूछताछ की। उसने बता दिया कि डालचंद्र की ड्यूटी स्कूल में लगा दी है। पुलिस ने बताया कि बदमाश अवधेश को लेकर स्कूल पहुंचे और गेट खुलवाने की कोशिश की। महेश ने डालचंद्र को भगा दिया और खुद बदमाशों के सामने आ गया।
बताते हैं बदमाश उसे अपने साथ ले गए। इसकी जानकारी होने पर महेश के साथियों ने थाना ताजगंज पुलिस को सूचना दी, मगर पुलिस ने सुनवाई नहीं की। सोमवार की सुबह महेशचंद्र का शव नौफरी गांव में पड़ा मिला। उसके शरीर में कई गोलियां मारी गई थीं। शव के पास पुलिस को तमंचा भी मिला है। महेश के घरवालों ने रंजीत, संतोष और हरिओम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस ने रंजीत और संतोष को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन

गांव के दबंग हैं हत्यारोपी
महेश लगभग छह माह से स्कूल में गार्ड की नौकरी कर रहा था। गांव के लोगों ने बताया कि हत्यारोपी दबंग हैं। वह गांव में लोगों के साथ अकसर मारपीट करते थे। उधर, महेश की मौत ने परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। पत्नी कमलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके तीन बेटियां और दो बेटे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें