आगरा। हादसों को रोकने के लिए क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों ने 172 ब्लैक स्पाॅट में बदलाव कराया है। इनमें डिवाइडर बनवाने के साथ अवैध कट को बंद करने, स्पीड ब्रेकर, लाइट, सफेद पट्टी और जेब्रा क्राॅसिंग बनवाए गए हैं। वर्ष 2025 में आगरा कमिश्नरेट में 1,350 हादसों में 695 लोगों की जान गई। इस पर तीन क्रिटिकल कॉरिडोर में 208 ब्लैक स्पाॅट चिह्नित किए गए थे। 14 क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों का गठन किया गया। पुलिस, आरटीओ, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग ने मिलकर काम शुरू किया। हाईवे पर संकेतक लगाना, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, डिवाइडर बनाने, जेब्रा क्रासिंग, कट बंद करने व रेलिंग की मरम्मत आदि शामिल हैं।
डीसीपी यातायात सोनम कुमार ने बताया कि अब तक 172 ब्लैक स्पाॅट में बदलाव करके उन्हें यातायात के लिए सुरक्षित किया जा चुका है। मंगलवार को आरटीओ ने अभियान चला ओवरलोड, गलत दिशा में चलने वाले, चाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने पर 1900 से अधिक वाहनों के चालान किए गए। एआरटीओ प्रवर्तन की टीम ने अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) पर रोडवेज कर्मचारियों और यात्रियों को जागरूक किया।